मीरगंज। घर से किसी काम से निकले मीरगंज के व्यक्ति की नजीबाबाद में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई।
मीरगंज के मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी में रहने वाले 50 वर्षीय देवेंद्र रस्तोगी मीरगंज में ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार को दोपहर मीरगंज से मुरादाबाद जाने की बात कहकर घर से निकले थे। नजीबाबाद के आसपास रात में किसी समय ट्रेन से गिरकर देवेंद्र रस्तोगी की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह सूचना परिवार वालों को फोन पर दी। शनिवार को ही परिवार के सदस्य उनके शव को लेने बिजनौर के जिला चिकित्सालय पहुंच गए। शनिवार को ही शव के पोस्टमार्टम के बाद रात में मीरगंज लाया गया। रविवार को सुबह गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक के परिवार में तीन विवाहित पुत्रियां, एक अविवाहित पुत्री एवं एक पुत्र है। संवाद