सिरौली (बरेली)। क्षेत्र के एक गांव से दो नाबालिग सगी बहनें लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर प्रेमियों के साथ निकल गईं। बताते हैं कि चारों को समय रहते पकड़ लिया गया, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने अगुआ बनकर उनकी शादी करा दी। मां की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने एक जोड़े को पकड़ लिया, दूसरे की तलाश की जा रही है। इस मामले में पंचों पर कार्रवाई हो सकती है।
थाने की नवाबपुरा चौकी क्षेत्र के एक गांव में चर्चित मामला सामने आया है। यहां दो सगी बहनों की दोस्ती दो लड़कों से हो गई थी। इनमें से एक लड़का उसी गांव का और दूसरा बदायूं का निवासी है। बताते हैं कि तीन दिन पहले दोनों बहनें घर से लाखों के जेवर व नकदी लेकर अपने प्रेमियों के साथ घर से निकल गईं। घरवालों ने इनकी तलाश शुरू की तो गांव के कुछ प्रभावशाली लोग प्रेमी युगल के हिमायती बनकर सामने आ गए। पंचायत में चारों को बुलाकर उनकी इच्छा पूछी गई। उन्होंने शादी करने की इच्छा जताई तो गांव के मंदिर में इनकी शादी करा दी गई।
तीन मददगारों पर भी आरोप, कुछ और बढ़ेंगे नाम
इसकी जानकारी होने पर किशोरियों के परिवार को बड़ा झटका लगा। लड़कियों की मां की ओर से बेटियों को नाबालिग बताकर दोनों लड़कों के खिलाफ उन्हें अगवाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोप यह भी लगा कि इन्हीं के इशारे पर बेटियां घर से सोने-चांदी के जेवर, 40 हजार रुपये, बैंक की पासबुक, आधार कार्ड ले गई हैं। गांव के तीन लोगों पर आरोपियों की मदद का आरोप लगाया है। पुलिस ने गांव निवासी युवक को हिरासत में ले लिया है और लड़की कोर्ट में पेश कर वन स्टाप सेंटर भेज दी गई है। इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि दूसरे आरोपी युवक व किशोरी की तलाश की जा रही है। दोनों बहनें नाबालिग बताई जा रही हैं, अगर किसी ने शादी के लिए पंचायत या मदद की है तो नाम विवेचना में बढ़ाकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। संवाद