रेस्तरां में मारपीट के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को प्रदेश के एक मंत्री के भतीजे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मंत्री का भतीजा दो दोस्तों के साथ दारू के नशे में धुत। तीनों ने चाय पीने आए बावर्दी होमगार्ड व रेस्तरां कर्मचारियों पर दबंगई दिखाई। पहले तो उसे गाली देकर बुलाया और वह नहीं पहुंचा तो कार से उतरकर उस पर टूट पड़े। न सिर्फ उसे जमकर पीटा बल्कि वर्दी भी फाड़ दी। वहीं रेस्तरां पर कार से टक्कर मारी।
डेलापीर मंडी गेट पर मंगलवार रात करीब सवा बजे हुई इस घटना में पिटे होमगार्ड ओमेंद्र थाना प्रेमनगर में तैनात हैं और प्लाटून कमांडर भी हैं। ओमेंद्र के मुताबिक रात करीब सवा बजे वह डेलापीर मंडी गेट के सामने पंडित के खोखे पर चाय पीने पहुंचे थे। वहां वह बेंच पर बैठे ही थे कि कुछ खड़ी एक कार में बैठे लोगों ने उन्हें आवाज देकर बुलाया। आवाज देने का तरीका असम्मानपूर्ण होने की वजह से उन्होंने उसे अनसुना कर दिया। इस पर कार में बैठे लोगों ने उन्हें गाली देते हुए फिर आवाज दी।
ओमेंद्र के मुताबिक गालीगलौज सुनकर वह कार के पास पहुंचे तो देखा कि कार में वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना का गांधीनगर में रहने वाला भतीजा अमित कुमार अपने दोस्त सुभाषनगर की विवेक विहार कॉलोनी निवासी अंकित अग्निहोत्री और एक अज्ञात युवक के साथ बैठा था। उन्होंने मंत्री के भतीजे को पहचानकर बुलाने का कारण पूछा तो उन्होंने उनसे बदसलूकी शुरू कर दी। पूछा- तेरी ड्यूटी कहां है। उन्होंने थाना प्रेमनगर का नाम लिया तो यह कहते हुए थप्पड़ मार दिया कि थाना प्रेमनगर में ड्यूटी है तो यहां क्यों आया है।
आरोप है कि ओमेंद्र ने थप्पड़ मारने पर विरोध जताया तो तीनों ने कार से उतरकर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। उनकी वर्दी भी फाड़ दी। एक आढ़ती के बीचबचाव करने के बाद उन्होंने थाना इज्जतनगर पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस मौके पर पहुंची तो मंत्री का भतीजा अमित तो अज्ञात दोस्त के साथ खिसक चुका था, अंकित अग्निहोत्री कार में ही बैठा मिला जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रात में ही पुलिस ने अंकित का मेडिकल परीक्षण कराया गया तो वह नशे में धुत निकला।