शनिवार का दिन बरेली जिले के लिए खास रहा। फरीदपुर के सीएएस इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित समारोह में लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने 26275 करोड़ की 36 परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें 96 करोड़ की लागत से बना लाल फाटक पुल भी शामिल रहा।
दूसरी ओर, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप भला कैसे पीछे रहते। वह पुल की दूसरी लेन का उद्घाटन करने मौके पर ही पहुंच गए। वहां उन्होंने हरी झंडी दिखाई। इससे पहले भी वे दिसंबर 2022 में आधी रात को लाल फाटक पुल की पहली लेन को हरी झंडी दिखा चुके हैं। एक ही पुल के तीन-तीन बार लोकार्पण और नेताओं में मची श्रेय लेने की होड़ से शहरवासी भी आश्चर्यचकित हैं।
बुखारा रोड पर ओवरब्रिज बनने से शहर में कम होगा यातायात का दबाव
मंत्री जितिन प्रसाद ने फरीदपुर-बुखारा मार्ग पर पितांबरपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर 51.37 करोड़ रुपये की लागत से 620.65 मीटर टू लेन ओवरब्रिज का भी शिलान्यास किया। इस पुल के तैयार हो जाने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा। लखनऊ की ओर से आने वाले वाहन शहर में घुसे बिना फरीदपुर-बुखारा होकर बदायूं की ओर जा सकेंगे। मंत्री ने 11 माह में इस पुल का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया है।
ये रहे मौजूद
सांसद संतोष गंगवार, बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, नवाबगंज विधायक एमपी आर्या, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, निवर्तमान मेयर उमेश गौतम मौजूद रहे।
गुणवत्ता में खेल किया तो होगी कार्रवाई
मंत्री जितिन प्रसाद ने एक-एक रुपये का सदुपयोग कर गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। कम गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने समय से काम पूरा कराने के भी निर्देश दिए।