बरेली। बरेली कॉलेज में सत्र 2024-25 की स्नातक विषम सेमेस्टर (प्रथम, तृतीय, पंचम) सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षाएं 21 अक्तूबर से प्रस्तावित हैं। बुधवार को प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने सभी विभागाध्यक्ष को पत्र जारी कर मेजर और माइनर विषयों के प्रश्नपत्र तैयार करने के निर्देश दिए।
साथ ही, तैयार प्रश्नपत्र परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह को 18 अक्तूबर तक उपलब्ध कराने के लिए कहा है। जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 21 से 25 अक्तूबर तक चार पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह नौ से 10 बजे तक, दूसरी सुबह 11 से 12 बजे तक, तीसरी दोपहर एक से दो बजे तक और चौथी पाली तीन से चार बजे तक होगी।
लिखित और प्रयोगात्मक परीक्षा विवि के नियमानुसार होगी। इसका विस्तृत कार्यक्रम कॉलेज के पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। जिसे विद्यार्थी डाउनलोड कर देख सकते हैं। ब्यूरो