बरेली। केलाडांडी में अमन और शांति के लिए मंगलवार को ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने झारखंड के राज्यपाल एवं बरेली के पूर्व सांसद संतोष गंगवार से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले विवादित मस्जिद को लेकर केलाडांडी में विवाद हो गया था। दोनों समुदायों के बीच तनाव फैल गया था। दोबारा दीवार बनाने को लेकर भाजपा विधायक धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान उनकी नोकझोंक भी हुई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोबारा दीवार बनवाकर शांति पैदा करने और सौहार्द का वातावरण बनाने का काम किया, लेकिन विधायक के पहुंचने से और धरना देने से माहौल खराब हुआ। अगर वह वहां नहीं पहुंचते तो इतना बड़ा विवाद नहीं होता। उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने विधायक से बातकर कहा कि वह दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत करें और समस्या का समाधान कराएं, जिससे दोनों समुदाय के लोग मिल-जुलकर रहें। उन्होंने कहा कि अगर विधायक नहीं सुनेंगे तो वह इस संबंध में लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं से बात करेंगे। संवाद