बहेड़ी। संदिग्ध हालात में पैर में चाकू लगने के चलते मोहल्ला टांडा निवासी गौसिया (25) की मौत हो गई। मायके वालों ने पति शाहिद उर्फ भूरा पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। सीओ और तहसीलदार के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। आरोपी को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर पति सहित छह के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मोहल्ला टांडा निवासी गौसिया ने मोहल्ले के ही शाहिद उर्फ भूरा से दो वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दंपती का एक वर्ष का बेटा भी है। मोहल्ले वालों ने बताया कि दंपती के बीच आए दिन विवाद होता। बीते कुछ दिनों से भी अनबन चल रही थी। मंगलवार को शाम करीब पांच बजे संदिग्ध हालात में गौसिया की मौत हो गई। सूचना पर मायके वालों के साथ पुलिस भी पहुंच गई।
गौसिया के घुटने के पीछे की ओर से जख्म था। पति का कहना था कि सब्जी काटते समय गौसिया के पैर में जख्म हो गया। हालांकि चाकू घुटने के पीछे कैसे लगा? समय पर किसी को सूचना क्यों नही दी? इन सवालों के उसके पास कोई जवाब नहीं थे। हालांकि, शाहिद का कहना था कि उसने स्थानीय डॉक्टर को बुलाया था।
पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। तहसीलदार भानू प्रताप व सीओ अरुण कुमार सिंह भी पहुंच गए। विवाहिता के पिता इकरार अहमद ने आरोप लगाया कि दामाद ने ही बेटी की हत्या की है। शाहिद के साथ ही जेठ एजाज, ननदोई तौफीक अहमद, ननद सबीना, शब्बो और सीमा दहेज में तीन लाख रुपये लाने का दबाव बनाते। मना करने पर प्रताड़ित किया जाता। इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
अत्याधिक रक्तस्त्राव से मौत की आशंका
पिता इकरार अहमद ने बताया कि पैर में जख्म होने से इतनी जल्दी मौत नहीं हो सकती। अत्याधिक रक्तस्त्राव से मौत की आशंका है। सवाल यह है कि दामाद जब घर पर ही था तो उसने समय पर इसकी सूचना किसी को क्यों नहीं दी। समय पर उपचार मिलने पर गौसिया की जान बच सकती थी।