बरेली। वेबसाइट के जरिये परिचय के बाद हुई शादी के 23 दिन बाद ही पति और ससुराल वालों ने दहेज की खातिर विवाहिता को घर से निकाल दिया। इज्जतनगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
इज्जतनगर क्षेत्र में रहने वाली युवती की शादी वेबसाइट के जरिये दिल्ली के शाहदरा निवासी संकित से 12 मार्च को हुई थी। शादी में लड़की पक्ष ने 45 लाख रुपये खर्च किए। युवती ससुराल गई तो पति, ससुर, सास, ननद, ननदोई व चचिया सास ने कम दहेज का ताना दिया। कार खरीदने के लिए और रुपये मांगे। युवती के पिता ने ऋण लेकर कार खरीदने को रुपये दिए।
31 मार्च को ससुराल वाले विवाहिता को कुल्लू मनाली घुमाने ले गए। वहां ननदोई ने कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी और अश्लील हरकत की। संकित से शिकायत की तो झगड़ा करने लगा। संकित को कनाडा भेजने के लिए दहेज में 20 लाख रुपये और मांगने लगे। दहेज नहीं मिलने पर पिटाई की और जेवर छीन लिए। चार अप्रैल को ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। 18 अप्रैल को ससुराल वाले मायके आए और यहां भी पिटाई करने लगे। दहेज में 20 लाख रुपये नहीं मिलने पर विवाहिता को नही रखने पर अड़े हैं। ब्यूरो