बरेली। लॉकडाउन बढ़ चुका है। स्कूल खुलने में अभी और देरी होगी। लेकिन जब स्कूल खुलेंगे तो बच्चों की नए क्लास की पढ़ाई शुरू होगी। ऐसे में बेहतर है कि घर पर इन छुट्टी के दिनों में आप अपनी नई किताबों से दोस्ती कर लें। एनसीईआरटी ने सभी किताबें ऑनलाइन अपलोड कर दी हैं। विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए एनसीईआरटी ने क्लास एक से लेकर 12वीं तक की सभी किताबें ऑनलाइन अपलोड कर दी हैं। हिंदी और अंग्रेजी दोनों मीडियम के बच्चों के लिए दोनों भाषाओं में किताबें उपलब्ध हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के अलावा जिन बोर्ड में एनसीईआरटी की किताबें चलती हैं, उनके विधार्थी भी इसका पूरा लाभ उठा सकते हैं।
कैसे करें डाउनलोड :
ये किताबें बिल्कुल फ्री हैं। इसके लिए आपको किसी तरह का कोई चार्ज नहीं देना होगा। एनसीईआरटी ने गूगल ड्राइव पर किताबें अपलोड की हैं। ये किताबें पीडीएफ फॉर्मेट में भी हैं और फ्लिपबुक्स फॉर्मेट में भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
अलग-अलग फोल्डर में हैं किताबें :
ये किताबें गूगल ड्राइव पर कक्षाओं के अनुसार अलग-अलग फोल्डर में डाली गई हैं। क्लास 11 और 12 के लिए आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस, तीनों स्ट्रीम्स के लिए सभी विषयों की किताबें उपलब्ध हैं। आपको जिस क्लास की किताब चाहिए, उसके फोल्डर पर डबल क्लिक करें। विषयों की लिस्ट खुल जाएगी। जिस विषय की किताब चाहिए, उसके फोल्डर पर डबल क्लिक करें। नई फाइल खुलेगी, जिसे आप डाउनलोड कर सकते हैं।