बरेली। मिशन कंपाउंड उपकेंद्र से जुड़े सिटी फीडर के उपभोक्ताओं की समस्या चार दिन बाद भी दूर नहीं हो सकी है। शुक्रवार को भी फीडर से जुड़े लोगों को कटौती और ट्रिपिंग का सामना करना पड़ा। लोकेटर फॉल्ट तो बता रहा है, लेकिन अभियंता 11 केवी भूमिगत केबल ही नहीं ढूंढ पा रहे हैं। वहीं, उपभोक्ताओं को दूसरे फीडरों से जोड़कर रोस्टिंग से आपूर्ति की जा रही है।
मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस के पास सिटी फीडर के भूमिगत केबल में फॉल्ट हो गया था। इससे कुंवरपुर, जसौली, जखीरा, मलूकपुर, चूना भट्ठा, मलूकपुर, छोटी बमनपुरी, एक मीनार मस्जिद, नीम वाली गली, चौपुला और सिटी स्टेशन रोड इलाके में बिजली संकट बना हुआ है। फॉल्ट लोकेटर मशीन ने फॉल्ट तो तलाश कर लिया, लेकिन खोदाई के बाद केबल नहीं मिल रहा है। इस कारण शुक्रवार को भी फॉल्ट ठीक नहीं किया जा सका। मशीन ने जिस स्थान पर फॉल्ट ट्रेस किया है, वहां तीन स्थानों पर खोदाई के बाद भी केबल नहीं मिला। अधिशासी अभियंता महावीर सिंह ने बताया कि फॉल्ट का स्थान तो मिल गया है, लेकिन केबल नहीं मिल रहा। शायद केबल के ज्यादा गहराई में होने के कारण ऐसा हो रहा है। फॉल्ट जल्द ठीक कर लिया जाएगा। फिलहाल, रोस्टिंग से आपूर्ति दी जा रही है। संवाद