बरेली के भरतौल गांव से सटी सेना की एविएशन यूनिट परिसर में बृहस्पतिवार देर रात तेंदुआ दिखने का शोर मचा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से ग्रामीण दहशत में रहे। शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पगचिह्न नहीं मिले। अब पिंजरा लगाने पर मंथन हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो एविएशन यूनिट के वाच टॉवर पर मौजूद सीसी कैमरे से रिकॉर्ड बताया जा रहा है। इसमें एक तेंदुआ चहारदीवारी के पास खड़ा है। टॉवर पर मौजूद दो सैन्यकर्मी तेंदुए की पुष्टि की सूचना करते हुए सैन्य अधिकारियों को सूचना देने की बात कर रहे हैं। तभी वहां से एक सैन्य अफसर की कार गुजरी तो तेंदुआ भाग निकला। अमर उजाला वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
वीडियो को पुराना बता रहे वनकर्मी
वन विभाग के रेंजर वैभव चौधरी के मुताबिक, वायरल वीडियो सितंबर का बताया जा रहा है। जांच कराई गई, पर तेंदुआ होने की पुष्टि नहीं हुई। उच्चाधिकारियों की अनुमति पर एहतियातन पिंजरा लगाया जा सकता है। ग्राम प्रधान प्रवेश कुमारी के मुताबिक तेंदुए दिखने की सूचना पर लोगों को सतर्कता बरतने के लिए कहा है। तेंदुआ दिखने पर भरतौल व्हाट्सएप ग्रुप पर तत्काल सूचना देने के लिए कहा है। गांव में लगे सीसी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।