फतेहगंज पश्चिमी। मीरगंज से ड्यूटी कर बरेली घर लौट रहे लेखपाल राजकुमार गोस्वामी की बाइक में किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजकुमार को पुलिस ने एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बरेली में हार्टमन कॉलेज के पास रहने वाले 50 वर्षीय लेखपाल राजकुमार गोस्वामी मीरगंज में रजिस्ट्रार कानूनगो दफ्तर से अटैच थे। शुक्रवार शाम दफ्तर का काम निपटाने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। फतेहगंज पश्चिमी से हाईवे पर जाने वाली सड़क पर एक बरात घर के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर घायल होने के बाद बेहोश हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजा, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना पर एसडीएम मीरगंज, तहसीलदार, सीओ और तमाम लेखपाल पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।