बरेली में नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मियां चरम पर हैं। सूरमा अभी से सियासी बिसात बिछाने लगे हैं। अभी से जातिवाद के तीर चलने लगे हैं। अभी टिकट को लेकर भी स्थिति साफ नहीं हुई है। लोग अपनी बिरादरी के व्यक्ति को टिकट दिलाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ेगा, साम, दाम, दंड, भेद सभी आजमाए जाने की आशंका है।
ब्राह्मण समाज के आवेदक को ही मिले टिकट : राघवेंद्र शर्मा
मिनी बाईपास पर आयोजित भाजपा ने प्रभावी मतदाता सम्मेलन में पहुंचे बिथरी चैनपुर विधायक राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि बरेली महानगर में मेयर की सीट सामान्य है। पूर्व में भी महापौर ब्राह्मण रहा है, इसलिए अबकी बार भी ब्राह्मण समाज के ही आवेदक को प्रत्याशी घोषित किया जाए।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, लेकिन किन्हीं कारणों से वह नहीं पहुंच सके। इसके बाद सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद संतोष गंगवार, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, विधायक संजीव अग्रवाल ने गया। सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही ब्राह्मण समाज के योगदान को याद किया गया।