बरेली के आंवला थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। ढाबा संचालक से हर महीने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में एक हिंदू संगठन के नेता समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
भूतेश्वरनाथ मंदिर राम नगर रोड के समीप ढाबा चलाने वाले सतीश कुमार मौर्य ऊर्फ गब्बर की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि मोहल्ला खेड़ा निवासी अमित शर्मा अक्सर उनके ढाबे पर आते हैं। कहते हैं कि अगर ढाबा चलाना है तो पचास हजार रुपये हर महीने देने होंगे। जब उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराने की बात कही तो आरोपी कहने लगा कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। उसके ऊपर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।
ढाबा संचालक का आरोप है कि आरोपी शुक्रवार की रात दस बजे अपने भाई व चार अन्य लोगों के साथ शराब के नशे में उनके ढाबे पर आया और रुपये की मांग करने लगा। रकम देने से मना करने पर आरोपी गालीगलौज करते हुए ढाबा बंद कराने की धमकी देते हुए लाठी से मारपीट करने लगा। ढाबे में रखे फर्नीचर को तोड़ दिया। धमकी देते हुए गल्ले में रखे पांच हजार रुपए चुराकर ले गया। पुलिस ने आरोपी अमित शर्मा, लघपति व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।