बरेली। शहर में बिजली बिलों और मीटरों में गड़बड़ी की शिकायत पर कराई जा रही असिस्टेंट मीटर रीडिंग में बड़े स्तर पर खामियां सामने आ रही हैं। विद्युत निगम के चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल के आदेश पर इन दिनों बिजली बिलों और मीटरों में गड़बड़ी की शिकायत पर असिस्टेंट मीटर रीडिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जिले में हर माह बिजली बिलों और मीटरों में गड़बड़ी की आठ-नौ हजार शिकायत आ रही हैं। विद्युत निगम के टोल फ्री नंबर 1912 पर भी शिकायतों की भरमार है। निस्तारण के बाद भी 25 हजार से ज्यादा शिकायत लंबित हैं। शिकायतों के निस्तारण के लिए पिछले दिनों चेयरमैन ने असिस्टेंट बिलिंग का आदेश दिया। असिस्टेंट बिलिंग में ही चार दिन में दो हजार से ज्यादा शिकायत आ चुकी हैं। विद्युत निगम बिलिंग के लिए निजी फर्म की सेवाएं लेती है। निजी फर्म के मीटर रीडराें के साथ इन दिनों असिस्टेंट बिलिंग अभियान के तहत विद्युत निगम के एक कर्मचारी को भी मीटर रीडिंग के लिए भेजा जा रहा है। अधिशासी अभियंता अमित आनंद ने बताया कि असिस्टेंट बिलिंग में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। संवाद