बरेली। पुराने रोडवेज बस अड्डे पर बंदरों के आतंक से यात्रियों को राहत दिलाने के लिए परिवहन निगम ने लंगूरों के कटआउट लगवा दिए हैं। इन्हें देखकर बंदर भाग रहे हैं।
पुराने रोडवेज बस अड्डे पर काफी समय से बंदरों का आतंक है। बंदर न सिर्फ यात्रियों से खाने-पीने का सामान छीन ले जाते हैं, बल्कि हमला भी कर देते हैं। बसों में घुसकर सीटें फाड़ देते हैं। बंदरों को भगाने के लिए रोडवेज ने दो कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। शुक्रवार को बस स्टैंड पर लंगूरों के कटआउट लगवाए गए हैं। कटआउट देखकर बंदर वहां से भाग रहे हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि बंदरों के आतंक से यात्रियों को राहत दिलाने के लिए कटआउट लगवाए गए हैं। प्रयोग सफल रहने पर दूसरे बस अड्डों पर भी कटआउट लगवाए जाएंगे।