बरेली। एलायंस बिल्डर्स के प्रबंध निदेशक अरविंदर सिंह, निदेशक रमनदीप सिंह, अमनदीप सिंह, एसके एसोसिएट्स के निदेशक भूमाफिया हनी सिंह भाटिया, उसके पार्टनर सर्वेश कुमार, युवराज सिंह और सतवीत सिंह के खिलाफ बृहस्पतिवार को गैर जमानती वारंट जारी हो गया। हालांकि सभी भूमाफिया फरार हैं, उन्हें अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
बिहारमान नगला में सीलिंग की जमीन की फर्जी तरीके से खरीद-फरोख्त मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने दबिश भी तेज कर दी है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लखनऊ, नोएडा और प्रयागराज में डेरा डाले हुए है। इसके अलावा कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद आरोपियों पर कुर्की की कार्रवाई अंदर ही अंदर शुरू कर दी गई है। कोर्ट से वारंट मिलने के बाद कुर्की की कार्रवाई की राह भी पुलिस के आसान हो गई है। आरोपी अगर गिरफ्तार नहीं हो पाते हैं तो उनको भगोड़ा घोषित कर पुलिस कुर्की की कार्रवाई भी जल्द कोर्ट के माध्यम से कर सकती है।
तीन भूमाफियाओं की जमानत की अर्जी में लगी दो तारीख
भूमाफिया घोषित होने के बाद बिहारमान नगला की सीलिंग की जमीन खरीद फरोख्त मामले में बीडीए की ओर से 17 आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें भूमाफिया दलबिंदर, जुल्फिकार अहमद और सलीम अहमद का नाम भी शामिल था। वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में भूमाफिया की जमानत के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई गई थी और इसकी सुनवाई बृहस्पतिवार को डीजे कोर्ट में होनी थी। इसमें कोर्ट ने दो दिसंबर की तारीख दी है।
एलायंस बिल्डर्स के एमडी समेत सात के खिलाफ गैर जमानती वारंट ले लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई है।
राहुल भाटी, एसपी सिटी