एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा भवन में मूल्यांकन कार्य कराने के लिए लाखों रुपये का फर्नीचर लगाया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सिर्फ फर्नीचर लगाया, लेकिन परीक्षा भवन की बदहाली उनको नजर नहीं आई। बुधवार को कुलपति अचानक पैदल ही परीक्षा भवन पहुंच गए। सूचना मिलते ही जेई और सुरक्षा प्रभारी भी दौड़ेे-दौड़े पहुंचे। परीक्षा भवन की बदहाली देख कुलपति अनिल शुक्ल ने जेई आरडी द्विवेदी की जमकर फटकार लगाई। दरअसल कुलपति परीक्षा भवन टूटे शीशे देखकर नाराज थे। उनका कहना था कि लाखों रुपये का फर्नीचर लग सकता है तो टूटे शीशे सही क्यों नहीं कराए गए। कुलपति ने अंदर जाकर परीक्षा भवन का जायजा भी लिया। इससे पहले कुलपति कुलसचिव कार्यालय भी पहुंच गए। उनको कुलसचिव नहीं मिले। दो स्टॉफ भी गायब था। कुलपति रूसा की फाइल मांग रहे थे। जब फाइल नहीं आई तो वह खुद ही कुलसचिव कार्यालय पहुंच गए।