बहेड़ी। शासन से आई टीम भले ही बहेड़ी में अवैध खनन करने का मामला पकड़ चुकी हो लेकिन प्रशासन ने अभी इस मामले में जुर्माने की कार्रवाई नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पट्टेधारक को नोटिस दिया गया है। सारी औपचारिकता पूरी होने के बाद ही जुर्माना तय होगा। बहेड़ी में किच्छा नदी में टियूला और मोहम्मदपुर में अवैध तरीके से बड़े पैमाने पर खनन हो रहा था। विधायक छत्रपाल गंगवार और इंस्पेक्टर के बीच विवाद के बाद भी इसका खुलासा हुआ तो भी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पिछले माह शासन से आई टीम ने भी यहां चेकिंग के दौरान अवैध खनन का मामला पकड़ा था। इस रिपोर्ट के आधार पर खनन विभाग को पट्टेधारक पर कार्रवाई के आदेश दिए थे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा पट्टेधारक का रॉयल्टी जमा करने का चेक भी बाउंस हो चुका है।