बरेली। साइकिल की चाबी ठीक करने के लिए बुलाए गए युवक ने बहाने से बीएसएनएल अधिकारी के घर की सेफ में रखे जेवर चोरी कर लिए। दूसरे दिन घरवालों को चोरी का पता चला। मामले में तहरीर दी गई है।
राजेंद्रनगर निवासी सतीश चंद्र गुप्ता ने बताया कि उनके घर खड़ी साइकिल में लॉक लगा था और चाबी नहीं मिल रही थी। उन्होंने किसी परिचित से संपर्क किया तो दस अक्तूबर को एक युवक ताला ठीक करने उनके घर आया। ताला ठीक करते वक्त उसने अलमारी की चाबी मांगी। वह ऊपर स्टोर से अलमारी की चाबी नीचे लेकर आए तो उसने चाबी में कुछ ठीक किया और ताला खोलने लगा।
वह ताला नहीं खुला तो उसने कहा कि अलमारी में चाबी ले जाकर लगाओ, देख लो कि वह खुल रही है या नहीं। उन्होंने जाकर देखा तो अलमारी में चाबी नहीं लग रही थी। उसे बताया तो वह छत पर पहुंच गया और चाबी अलमारी के मेन गेट में लगाकर ठीक करने लगा। सतीश गुप्ता के मुताबिक उसने अलमारी की चाबी तो सही कर दी पर इसी दौरान सफाई दिखाकर दूसरे हाथ से उसमें लॉकर का दरवाजा खोलकर जेवरों का डिब्बा खोल लिया।
उसमें से उनकी पत्नी का काफी जेवर चोरी कर लिया। फिर मेहनताने के रूप में उनसे बीस रुपये लेकर चला गया। अगले दिन उन्होंने देखा तो पता लगा कि युवक उनके घर में रखे जेवरों पर हाथ साफ कर गया। इंस्पेक्टर प्रेमनगर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि तहरीर मिली है। विरोधाभास जैसी स्थिति है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। अमर उजाला ब्यूरो