बरेली। कछला से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के महंत हेमराज को पीछे से आई कार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। इससे नाराज कांवड़ियों ने हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे विधायक, एसडीएम और सीओ ने कांवड़ियों को समझा बुझाकर जत्थे को रवाना किया। वहीं, शाम को जरेली गांव के पास कांवड़ जत्थे पर पत्थर फेंके जाने के बाद कांवड़ियों ने जाम लगा दिया।
जनपद पीलीभीत के थाना क्षेत्र जहानाबाद के रम्पुरा मिश्र गांव के महंत हेमराज रविवार को 770 कांवड़ियों के जत्थे के साथ कछला से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। जब बाईपास चौराहे पर पहुंचे तो पीछे से आई बोलेरो ने हेमराज को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हेमराज को कांवड़ियों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही बरेली-पीलीभीत हाईवे पर कांवड़ रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सीओ अजय कुमार गौतम और कोतवाल अशोक कुमार कंबोज ने कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। फिर विधायक डॉ. एमपी आर्य और एसडीएम राजीव कुमार शुक्ला पहुंचे। उन लोगों ने भी उन्हें समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महंत ने कांवड़ियों को आगे चलने का आदेश दिया। इस दौरान वहां पर जाम लगा रहा।
पुलिस की कार्यशैली पर जताई नाराजगी
हादसे के वक्त पुलिस सहायता केंद्र के पास पुलिस की जीप खड़ी थी लेकिन टक्कर मारने वाली कार को पकड़ने का प्रयास नहीं किया। पुलिसकर्मी महंत को उपचार के लिए भी नहीं ले गए, जिससे कांवड़ियों में काफी आक्रोश रहा।
गड्ढे बने विवाद की वजह
रिछोला पुलिस चौकी से लेकर महालक्ष्मी पंट्रोल पंप तक सड़क में कई जगह गहरे गड्ढे हैं, जिसमें बारिश के चलते पानी भर जाता है। घटना स्थल पर भी दो गहरे गड्ढे हैं। बताया जाता है कि कार चालक ने गड्ढों से बचने के फेर में अपना संतुलन खो दिया और महंत को टक्कर मार दी ।
दो खुराफातियों को हिरासत में लेने पर शांत हुए कांवड़िया
नवाबगंज में शाम को कछला से गंगाजल लेकर लौट रहे क्योलड़िया साहिबगंज के जत्थे पर खुराफातियों ने पथराव कर दिया। इसमें पुलिस ने खुराफातियों को हिरासत में लिया है। 200 कांवड़ियों के साथ यह जत्था महंत प्रदीप के नेतृत्व में गया था। रविवार शाम जब यह जत्था जरेली गांव के पास पहुंचा तो किसी ने जत्थे पर पथराव कर दिया। इससे एक कांवड़िया घायल हो गया तो उन लोगों ने अपनी कांवड़ सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम राजीव कुमार शुक्ला, विधायक डॉ. एमपी आर्य, लेखराज गंगवार, सीओ अजय कुमार गौतम समेत तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। उन लोगों ने कांवड़ियों को समझाकर शांत किया। फिर दो संदिग्ध को हिरासत में लिया तो वे लोग मान गए और आगे चले गए। इस दौरान करीब दो घंटे तक वहां जाम के हालात बने रहे।