मॉल की तर्ज पर कर्मचारी कल्याण निगम भी शहर में फैमिली बाजार शुरू करेगा। इसके लिए सिविल लाइंस में भवन चिह्नित कर लिया गया है। लखनऊ समेत कई प्रमुख शहरों में पहले से ही यह योजना चल रही है। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक एनएस रावत ने बताया कि बरेली शहर में सरकारी और अर्द्ध सरकारी कर्मचारियों के लिए कलक्ट्रेट, विकास भवन, जिला अस्पताल और पुलिस लाइन में कैंटीन संचालित है। यहां उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर गुणवत्ता युक्त वस्तुएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उपभोक्ताओं की मांग और जरूरत को देखते हुए शहर में जल्दी ही मॉल की तर्ज पर फैमिली बाजार शुरू हो जाएगा। रावत ने बताया फैमिली बाजार के लिए डीएम आवास के सामने सिविल लाइंस में भवन किराए पर लिया गया है। फैमिली बाजार योजना फ्रेंचाइजी से संचालित कराई जाएगी। इसका अनुबंध हो चुका है। उम्मीद है कि इसी महीने लोगों को फैमिली बाजार की सुविधा मिल जाएगी।