बरेली। जुलाई की शुरुआत झमाझम बारिश से हुई। 12 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। आठ जुलाई को 88.9 मिमी रिकॉर्ड बारिश हुई थी। इसके बाद 18 दिनों तक उसम व गर्मी ने लोगों को बेहाल किया। लोग पसीने से तरबतर होते रहे। आखिरी दिन फिर बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार बरेली में जुलाई में बारिश का औसत आंकड़ा 360 मिमी है। इस वर्ष जुलाई में 367.1 मिमी बारिश हुई जो औसत से 17.1 मिमी ज्यादा रही। हालांकि, यह बारिश माह के शुरुआती 12 दिनों में ही हुई। बाकी दिन आसमान साफ रहा। चिपचिपी गर्मी लोगों को बेहाल करती रही। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा पर उच्च वायुदाब की वजह से बारिश के अनुकूल माहौल नहीं बन सका। हवा में मौजूद सौ फीसदी नमी धूप के संपर्क में आने से जलवाष्प बनकर तापमान से ज्यादा तपिश का अहसास कराती रही।
कई दिन तक होती बारिश तो मिलती राहत
अतुल के मुताबिक बीते वर्षों में भी कभी औसत से ज्यादा तो कभी कम बारिश हुई, पर बारिश के दिन ज्यादा रहे। लिहाजा, गर्मी का अहसास कम हुआ। वर्ष 2016 में 28 दिनों में 706.2 मिमी, 2019 में 24 दिनों में 598.4 मिमी, 2023 में भी 18 दिनों में 342 मिमी बारिश हुई थी। धूप निकलती थी, पर एक-दो दिन में बादल घिरने, बारिश होने से राहत मिल जाती थी। इस साल ऐसा नहीं हुआ।
एसी-कूलर की बिक्री भी रही जारी
बरेली इलेक्टि्रकल्स कांट्रैक्टर मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक संजीव चांदना के मुताबिक मई, जून में गर्मी के चलते एसी, कूलर की बिक्री बढ़ जाती है। जुलाई में बारिश होने से कारोबार कम हो जाता है। इस वर्ष शुरुआत में बारिश होने से मौसम ठंडा रहा, पर 15 जुलाई के बाद भीषण गर्मी और उमस सताने लगी। एसी, कूलर की बिक्री बरकरार रही। इन्वर्टर का कारोबार भी थमा नहीं। ब्यूरो