बरेली। जोगी नवादा गोलीकांड के मुख्य आरोपी सौरभ राठौर ने नाटकीय घटनाक्रम के तहत बारादरी थाने में सरेंडर कर दिया। उसका भाई टिंकू भी बरेली में बताया जा रहा है। एक-दो दिन में वह भी इसी तरह सरेंडर कर सकता है। ताबड़तोड़ फायरिंग करने के आरोपी सौरभ व टिंकू राठौर सत्तापक्ष के एक नेता के परिवार से जुड़े हैं। उत्तराखंड की एक मंत्री तक उनकी पहुंच है। बताते हैं कि हर साल फायरिंग करने वाले इन आरोपियों को उत्तराखंड में बैठे नेता संरक्षण देते हैं। यही वजह है जो हर बार गंभीर धाराओं के मुकदमे दर्ज होने के बाद भी ये सस्ते में छूट जाते हैं। इस बार फिर इन्हें पैर में गोली लगने का डर सता रहा था, पर पुलिस उन्हें नहीं पकड़ सकी। बताते हैं कि शाम के वक्त सौरभ ने वकील के साथ थाने जाकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। बारादरी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। तमंचा बरामदगी के लिए उसे रिमांड पर लिया जाएगा। अमर उजाला ब्यूरो