डीएम-एसएसपी सड़कों पर निकले, खड़े होकर कटवाए चालान
बरेली। बाजारों में उमड़ी भीड़ से लॉकडाउन लगातार टूट रहा है। शुक्रवार को भी श्यामगंज बाजार में काफी भीड़ रही। वहीं चौपुला चौराहे पर दिन भर जाम के हालात रहे। भीड़ में लोग एकदूसरे से सटकर निकले। दोपहर से शाम तक डीएम और एसएसपी ने लॉकडाउन का जायजा लिया और उल्लंघन करने वालों पर खड़े होकर कार्रवाई कराई।
चौपुला पर लगा रहा जाम
सुबह से शाम तक अब चौपुला पर जाम की स्थिति रहती है। सेतु निगम का निर्माण कार्य चलने की वजह से रास्ता संकरा हो गया है, जिसके कारण जाम लगा रहता है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों का इधर से बदायूं रोड पर आवागमन बंद कर दिया है, वहीं छोटे वाहनों की संख्या भी अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है। शुक्रवार को भी यहां ऐसा ही नजारा था।
श्यामगंज बाजार में भीड़
श्यामगंज बाजार में भीड़ लगातार बढ़ रही है। हर तरह की दुकानें खुलने से यह समस्या पैदा हुई है तो श्यामगंज चौराहे पर सीवर लाइन के काम की वजह से जाम लग रहा है। इससे चौराहे का ट्रैफिक डायवर्ट करके श्यामगंज की गलियों में होकर निकाला जा रहा है। शुक्रवार को भी ऐसी ही वजहों से बाजार में भीड़ रही।
अफसरों ने खड़े होकर कटवाए चालान, लैब संचालक को फटकारा
डीएम नितीश कुमार और एसएसपी शैलेश पांडेय शुक्रवार को शहर में लॉकडाउन का निरीक्षण करने निकले। प्रेमनगर क्षेत्र में एक पैथोलॉजी लैब में भीड़ देखकर अधिकारियों ने अपनी कार रोकी। अंदर जाकर संचालक की फटकार लगाई। चेतावनी दी कि दोबारा ऐसी स्थिति मिली तो कार्रवाई होगी। इसके बाद एसएसपी ने शहर के कई चौराहों पर बिना मॉस्क वालों के चालान कटवाए।
हॉटस्पॉट बानखाना का किया निरीक्षण
डीएम व एसएसपी ने बानखाना व शहर के अन्य हॉटस्पॉट का निरीक्षण किया। अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेकर डीएम ने बानखाना के पार्षद शमीम अहमद से भी स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। पार्षद ने बताया कि इलाके को सील हुए दस दिन से ज्यादा हो गए हैं, यहां के सब सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इसे खुलने में कितना समय लगेगा। डीएम ने बताया कि करीब 21 दिन का समय लगता है। वह शासन से इस बारे में संपर्क करेंगे कि स्थानीय लोगों को ज्यादा से ज्यादा सहूलियत मिल सके।