फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे पर फतेहगंज पूर्वी की सीमा पर शाहजहांपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को फतेहगंज पूर्वी से दातागंज, बदायूं की तरफ रविवार रात दस बजे से डायवर्ट किया गया। इससे रात में तो कुछ ट्रक चालक निकल गए, लेकिन अधिकांश वाहन चालक सड़क किनारे ढाबों पर रुक गए।सोमवार सुबह से ही हाईवे पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। तभी दातागंज मार्ग पर स्थित बिलपुर रेलवे क्राॅसिंग पर रेलवे फाटक बंद होने से लंबा जाम लग गया। इससे दातागंज मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं।
नेशनल हाईवे पर भी मीरानपुर कटरा की तरफ एक किलोमीटर तक वाहनों की कई लाइनें लग गईं, जिसकी वजह से छोटे वाहनों को भी निकलने में दिक्कतें हुईं। ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस जाम खुलवाने में जुटी हुई थी, लेकिन शाम तक नेशनल हाईवे पर वाहन रेंग-रेंग कर निकल रहे थे। वहीं, दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहन सड़कों पर ही खड़े हो गए और जाम लग गया।
पुलिस ने वाहनों को एक किनारे करवाकर शाहजहांपुर से बरेली की तरफ आने वाली लेन को चालू करवाया, तब जाकर छोटे वाहन, रोडवेज बस, एम्बुलेंस, स्कूल बसें आदि जरूरी वाहनों को रास्ता मिल पाया। सुबह से रात तक हाईवे पर वाहन रेंग- रेंग कर निकल रहे थे। थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि बरेली, रामपुर की तरफ जाने वाले वाहन चालक रात में ट्रैफिक खुलने का इंतजार करते हुए खड़े थे। उन्हें एक साइड करवाकर वाहनों को निकलवाया जा रहा है। उम्मीद है कि आधी रात तक जाम से राहत मिल जाएगी। संवाद