बरेली। बेजुबानों की जान बचाने के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) 133 साल से वैक्सीन और नैदानिकी विकसित कर रहा है। हाल ही में आईवीआरआई इज्जतनगर और राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान संस्थान हिसार के वैज्ञानिकों ने पशुओं को लंपी स्किन डिजीज से निजात दिलाने के लिए लंपी प्रो इंड वैक्सीन विकसित की है, जो जल्द ही बाजार में उपलब्ध हो जाएगी।
आईवीआरआई निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त ने बताया कि पशुओं के घाव भरने के लिए मीजेनकायमल स्टेम कोशिका कंडिशंड आधारित फार्मूला, पशु चॉकलेट, फ्रैक्चर फिक्स डिवाइस समेत अन्य कई नैदानिकी विकसित की हैं। संस्थान को दो बार सरदार पटेल उत्कृष्ट आईसीएआर संस्थान पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।
बताया कि संस्थान ने साल 1921 में डोरीन, 2006 में रिंडरपेस्ट पशु महामारी, 2007 में सीबीपीपी, 2014 में हॉर्स सिकनेस आदि के निदान विकसित किए हैं। कुक्कुट रोग निदान के लिए वैक्सीन, किट विकसित की हैं। सूकर ज्वर, ब्रूसेलोसिस, थनैला रोग, किलनी संक्रमण की रोकथाम के लिए हर्बल फार्मूलेशन भी विकसित किया है।
पशु नस्ल को सुधारकर नई नस्लें विकसित कीं
पशुओं के आनुवांशिक विकास पर अनुसंधान के तहत आईवीआरआई ने वृंदावनी गाय और लैंडली सूकर का विकास किया है। रोहिलखंडी बकरी और घुर्रा सूकर को चिह्नित कर राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण कराया है। संस्थान के अब तक 29 पेटेंट स्वीकृत हुए हैं, 18 डिजाइन और 41 कॉपीराइट भी पंजीकृत हुए हैं। 40 से ज्यादा तकनीकों का व्यवसायीकरण किया जा चुका है।
1889 से शुरू हुआ था सफर
निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त के मुताबिक आईवीआरआई की स्थापना साल 1889 में पुणे में इंपीरियल बैक्टीरियोलॉजिकल प्रयोगशाला के तौर पर हुई थी। वर्तमान में आईवीआरआई के नाम से बरेली में मुख्यालय स्थापित है। दो परिसर मुक्तेश्वर और बंगलूरू में, तीन क्षेत्रीय स्टेशन पालमपुर, कोलकाता और पुणे में स्थित हैं। साल 1900 से संस्थान ने शिक्षण और प्रशिक्षण प्रदान करना शुरू किया था। अभी संस्थान दस विषयों में राष्ट्रीय डिप्लोमा पाठयक्रम, पशु चिकित्सा विज्ञान में स्नातक, 19 विषयों में एमवीएससी, 17 विषय में पीएचडी उपाधि प्रदान कर रहा है।
कुत्तों और बिल्लियों का निशुल्क टीकाकरण आज
विश्व पशु चिकित्सा दिवस पर शनिवार को आईवीआरआई के रेफरल पॉलीक्लिनिक में रोटरी क्लब इज्जतनगर द्वारा कुत्ते और बिल्लियों का निशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। शिविर सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेगा। क्लब अध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने लोगों से पालतू कुत्ते, बिल्लियों के टीकाकरण के लिए निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की है। वहीं, पशु चिकित्सा दिवस के उपलक्ष्य में आईवीआरआई के वैज्ञानिकों ने जागरूकता रैली निकाली। जानकारी वैज्ञानिक डॉ. अभिजीत पावड़े ने दी।