मीरगंज। जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के निर्देशानुसार, उपजिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा बैठक शुक्रवार हो हुई। एसडीएम कार्यालय में हुई बैठक में पीएम आवास योजना के अंतर्गत आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें पाया गया कि फतेहगंज पश्चिमी में 1432 में से 609, मीरगंज में 2320 में से 288, शाही में 1836 में से 767 और शीशगढ़ में 3641 में से 1526 आवेदन लंबित हैं। उपजिलाधिकारी ने शेष आवेदनों का एक सप्ताह में सत्यापन करके रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया। इसके लिए नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों और संबंधित नगर पंचायत कर्मचारियों की टीम गठित कर दी गई है। वहीं, पीएम स्वनिधि योजना के तहत अधिकतम पात्रों को लाभ दिलाने का निर्देश दिया। बैठक में तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद, अधिशासी अधिकारी प्रियंका (मीरगंज), दुर्गेश सिंह (शीशगढ़) आदि मौजूद रहे।