बरेली। खराब सड़कों को दुरुस्त कराने में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने बुधवार को नगर निगम के मुख्य अभियंता और अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक विकास भवन सभागार में हुई। पिछली बैठक में चिह्नित ब्लैक स्पाॅट्स पर जरूरी कार्य होने से दुर्घटनाओं में कमी आने, कांवड़ यात्रा की सुगमता के लिए बदायूं रोड पर प्रकाश व्यवस्था के लिए अधिशासी अधिकारी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीडीओ को निर्देश दिए। ई-रिक्शा के संचालन के लिए नगर निगम क्षेत्र को जोन में बांटकर, जोन वार कलर कोडिंग के निर्देश दिए। हिट एंड रन मामलों में पात्र व्यक्तियों को आर्थिक लाभ दिए जाने की समीक्षा के बाद स्वीकृति प्रदान की।
इन मार्गों पर बढ़ रहीं दुर्घटनाएं, रोकथाम के निर्देश
फरीदपुर हरियाली पेट्रोल पंप के पास, भोजीपुरा में बिल्वा, झुमका तिराहा, भुता में रसूला ब्रिज, नवाबगंज में नरगईया, स्टेट हाईवे के तहत बहेड़ी, दमखोदा, सेमीखेड़ा में सड़क दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। इसकी रोकथाम के निर्देश दिए हैं। ब्यूरो