- 12 तकनीकी सत्र में गणित और इसके अनुप्रयोगों पर केंद्रित 71 शोध पत्र किए प्रस्तुत
बरेली। एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में ‘विज्ञान व प्रौद्योगिकी में गणित और इसके अनुप्रयोग’ पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शनिवार को समापन हुआ। इसमें 18 श्रेष्ठ शोध पत्रों को पुरस्कृत किया गया। विशेषज्ञों ने शोधार्थियों को गणित में शोध करने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन के दूसरे दिन मुख्य अतिथि पुडुचेरी विश्वविद्यालय से डीन प्रो. राजेश्वरी शेषाद्रि ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे शोधार्थियों की ओर से गणित में किए गए शोध की प्रशंसा की। एनएसयूटी नई दिल्ली के प्रो. विजय गुप्ता ने विद्यार्थियों को अपने इनोवेशन व शोध में गणित को आधार बनाने के लिए प्रेरित किया। इसमें 12 तकनीकी सत्र आयोजित हुए, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञों ने छह तकनीकी वक्तव्यों के साथ गणित और इसके अनुप्रयोगों पर केंद्रित 71 शोध पत्र पढ़े।
प्रमुख वक्ता प्रो. ऑस्कर कैस्टिलो, डाॅ. किशोर डी कुच्चे, प्रो. विजय गुप्ता, डाॅ. जगदीश प्रसाद मौर्य, प्रो. मारिया स्कोपिना व प्रो. आरके शर्मा रहे। पहले चरण के आयोजन सचिव डाॅ. टी असीर ने संगोष्ठी की संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की। पुडुचेरी विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. राजनीश भूटानी ने संगोष्ठी के विषय के महत्व पर प्रकाश डाला।
ट्रस्ट सचिव आदित्य मूर्ति ने विज्ञान व प्रोद्यौगिकी में हो रहे नए बदलावों में गणित के योगदान पर चर्चा की। आयोजन सचिव डाॅ. केके गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित दिया। सीईटी से डाॅ. प्रभाकर गुप्ता, डाॅ. कमलेंद्र कुमार, केंद्रीय विवि पंजाब से डाॅ. दीप सिंह, पुडुचेरी विश्वविद्यालय से डाॅ. पंकज शर्मा का योगदान रहा। संवाद