बरेली। सीओ सेकेंड के कार्यालय में तैनात महिला सिपाही ने किला इंस्पेक्टर पर गलत निगाहों से देखने व उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी ने जांच पॉश कमेटी को सौंपी है।
महिला सिपाही ने इंस्पेक्टर किला हरेंद्र सिंह पर गलत तरीके से देखने व उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की। शिकायत के बाद एसएसपी ने महिला को थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया। इसके साथ ही जांच पॉश कमेटी को दे दी। बता दें इस तरह के मामलों की जांच के लिए एसएसपी ने पॉश कमेटी गठित की है। कमेटी की अध्यक्ष सीओ मीरगंज डाॅ. दीपशिखा हैं। एसएसपी के आदेश के बाद कमेटी ने जांच शुरू कर दी। शनिवार को सीओ किला थाने पहुंची यहां उन्होंने आरोप लगाने वाली महिला सिपाही के साथ ही अन्य महिला सिपाहियों के भी बयान दर्ज किए। इसके साथ ही कमेटी की बैठक भी की।
इधर, किला थाने के इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला सिपाही की तैनाती सीओ द्वितीय कार्यालय में थी। वह पिछले करीब एक साल से ज्यादा समय से किला थाने से अटैच चल रही है। महिला सिपाही सीओ कार्यालय में वापस जाना चाहती है। लोकसभा चुनाव के दौरान बीती 13 से 17 मई को उन्होंने महिला सिपाही की बैंक ड्यूटी लगाई थी, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं गई। इस पर उन्होंने जीडी में तस्करा डालकर महिला सिपाही की गैरहाजिरी दर्ज करा दी। अब इस मामले में महिला सिपाही का जवाब-तलब चल रहा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला सिपाही के पति पीलीभीत में दरोगा हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। संवाद
महिला सिपाही ने शिकायत की थी। पॉश कमेटी को जांच दी गई है। जांच रिपोर्ट आनेे के बाद कार्रवाई की जाएगी। - घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी