बरेली। एक दरोगा ने मनमानी से काम करते हुए नौ माह बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। पीड़ित की शिकायत पर हाईकोर्ट ने एसएसपी से हलफनामा तलब किया है।
हरवंश चौहान ने फरीदपुर थाने में तीन मार्च को निसार खान समेत अन्य आरोपियों पर धोखाधड़ी व फर्जी दस्तावेज बनाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच कस्बा चौकी प्रभारी मुनेंद्र पाल को सौंपी गई। विवेचक ने सुस्ती दिखाई तो निसार खान को छोड़कर बाकी आरोपी हाईकोर्ट से गिरफ्तारी स्टे ले आए। उन आरोपियों पर मुनेंद्र पाल ने चार्जशीट लगाकर सीओ फरीदपुर को भेज दी। सीओ ने निसार खान की गिरफ्तारी का आदेश देकर चार्जशीट वापस कर दी। विवेचक मुनेंद्र पाल ने गिरफ्तारी नहीं की। पीड़ित हरवंश ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, फिर भी गिरफ्तारी नहीं की। हरवंश चौहान ने हाईकोर्ट में शिकायत की तो वहां से एसएसपी से हलफनामा मांगा गया है। अमर उजाला ब्यूरो