बरेली। सरकार की ओर से स्कूल के विलय बाद अब आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक विद्यालयों के साथ एकीकृत करने की पहल शुरू की गई है। इसका उद्देश्य तीन से छह वर्ष आयु के बच्चों को बेहतर पोषण और शिक्षा प्रदान करना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप यह योजना शुरू की गई है। इस स्थानांतरण में उन स्कूलों की पहचान की जाएगी, जहां पर्याप्त जगह और सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की जाएगी। इसमें मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी शामिल होंगे। यह समिति स्थानांतरण प्रक्रिया की देखरेख करेगी। इसके तहत स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं का सर्वेक्षण किया जाएगा। जहां जरूरत होगी, वहां अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संवाद