शादी के आठ माह बाद विवाहिता का शव घर के स्टोर में मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। विवाहिता के मायके वालों ने दुपट्टे से गला घोटकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लिया है।
कस्बा के मोहल्ला अंसारी वार्ड 8 निवासी शब्बीर अहमद ने अपनी बेटी जैनब (20) का निकाह आठ माह पहले इसी मोहल्ले के रिजवान से किया था। शब्बीर अहमद के मुताबिक निकाह के एक माह बाद रिजवान और उसके घरवाले दो लाख नकद व मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने लगे। मंगलवार देर शाम पति रिजवान, ससुर विलाल, सास अनीसा ने जैनब की दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को आत्महत्या की सूचना दे दी लेकिन मायके वालों को सूचना नहीं दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो मंजिला पर मौजूद स्टोर से जैनब का शव बरामद करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो महिलाओं को हिरासत में भी ले लिया है।