बरेली। एयरपोर्ट की कार पार्किंग में अवैध वसूली का वीडियो वायरल हो रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एजेंसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक ना होने पर कार्रवाई की बात कही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो सराफा व्यापारी शितेष अग्रवाल के बेटे अंशित अग्रवाल का है। उन्होंने वीडियो में बताया कि वह पिता को लेने के लिए एयरपोर्ट गए थे। इस दौरान उन्होंने कार को पार्किंग में 12:40 पर खड़ा किया और दोपहर 1:23 पर बाहर निकाला। पार्किंग में वसूली कर रहे शख्स ने उनसे 240 रुपये मांगे, जब विरोध किया तो बोर्ड जाकर देखने को कहा। बोर्ड पर लिखी रकम के हिसाब से भी 60 रुपये होते हैं, फिर भी वह चार गुनी रकम मांग रहा था।
विरोध करने पर भी रुपये वापस किए। वहीं, वायरल वीडियो की जानकारी एयरपोर्ट अथॉरिटी को हुई तो उन्होंने एजेंसी को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है।
30 मिनट की पार्किंग के लिए 30 रुपये है शुल्क
एयरपोर्ट की कार पार्किंग पर लगे बोर्ड के मुताबिक, 30 मिनट कार पार्किंग का चार्ज 30 रुपये हैं। इसके बाद हर 10 मिनट में 10 रुपये बढ़ाये जाते हैं। अंशित की वीडियो के मुताबिक 43 मिनट उनकी कार पार्क रही है, ऐसे में 70 रुपये से अधिक नहीं होते हैं। इसके बावजूद कार पार्किंग वाले ने 240 रुपये की मांग की। बचने के लिए टैक्सी की पीली प्लेट का बहाना बना रहा है, उसके मुताबिक भी 240 नहीं बल्कि 60 से 70 रुपये ही होते हैं। संवाद
संबंधित वीडियो का संज्ञान एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है। अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अवधेश अग्रवाल, एयरपोर्ट डायरेक्टर