नालों पर अवैध रूप से कब्जा करके पक्का निर्माण करा लेने व बरसात के सीजन में खेतों मेंं गंदा पानी भरने से फसल नष्ट होने की आशंका को लेकर भारतीय किसान यूनियन शंकर गुट के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम नहने राम को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ भू-माफियाओं ने नगर के कई बडे़ नालों पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का निर्माण कराकर नाले को बंद कर दिया है। किसानों ने बताया कि मोहल्ला नाला पार में बनी पुलिया से कई दशकों से पानी बहता रहा है। अब यहां कुछ लोगों ने मजबूत दीवार बनाकर पानी निकासी का रास्ता बंद कर दिया है।
दूषित पानी से फसल को नुकसान
किसानों का कहना है कि भमोरा रोड पर आसपुरगांव के निकट एक ईंट-भट्ठे के समीप भी कच्चे नाले को मिट्टी डालकर पाट दिया गया है। इन नालों को बंद करने से गंदा पानी किसानों के खेतों में जा रहा है, जिससे उनकी फसल नष्ट हो रही है। कार्यकर्ताओं ने अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद