बदायूं। शासन का आदेश है कि 72 घंटे में फुंका ट्रांसफार्मर हर हाल में बदल दिया जाना चाहिए। जिले के अभियंता 10 से 15 दिनों में भी ट्रांसफार्मर नहीं बदलवा पा रहे हैं। शहर से लेकर देहात तक कटौती और फॉल्ट बढ़ गए हैं, जिससे लोग परेशान हैं। गांव रहेड़िया, ओरछी और नवादा बदन में ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है।
12 दिन बाद भी फुंका पड़ा है ट्रांसफार्मर
रहेडिया। गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब 12 दिन से फुंका पड़ा है। दो ट्यूबवेल और 20-25 कनक्शन हैं। गर्मी में जनता का हाल बेहाल है। किसानों के ट्यूबवेल बंद पड़े हैं। यहां गांव के लोग जेई को फोन लगाते रहते हैं, लेकिन फोन ही नहीं उठता है। शिकायत के बाद भी 12 दिन हो गए। ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका है। वहीं, ओरछी गांव में भी अभियंता 10 दिन में ट्रांसफार्मर नहीं बदलवा सके हैं। नवादा बदन में भी ट्रांसफार्मर खराब है, जो नहीं बदला गया है। ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ रोष पनप रहा है। संवाद
अघोषित कटौती से 50 हजार लोग हो रहे बेहाल
दबतोरी। आसफपुर विद्युत उपकेंद्र से करेंगी (ग्रामीण) और करेंगी (कृषि) फीडर से अघोषित कटौती बंद होने का नाम ही नहीं ले रही है। यहां मात्र पांच से छह घंटे ही बिजली मिल पा रही है। गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं। इससे किसानों की धान की पौध नहीं लग पा रही है। फीडर से क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों को बिजली सप्लाई दी जा रही है। बिजली लाइन जर्जर होने से फॉल्ट होते रहते हैं। किसान बेबस व मजबूर हैं। शिकायतों के बाद भी कोई सुनने को तैयार नहीं है। संविदा कर्मी अपनी मनमानी से कृषि फीडर को ग्रामीण फीडर से जोड़ देते हैं, जिससे लो वोल्टेज की समस्या पैदा हो जाती है। क्षेत्र के 50 हजार लोग करीब दस दिन से परेशान हैं। संवाद
चुनाव के समय मिलती है बिजली, बाद में कटौती
उघैती। सब स्टेशन से 18 घंटे बिजली देने का आदेश ग्रामीण क्षेत्र को है, लेकिन देहात को मात्र छह से सात घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बाकी का समय ट्रिपिंग और कटाैती में जा रहा है। क्षेत्र के 40 गांव के करीब 50 हजार लोग पसीना बहाने को मजबूर हो रहे हैं। उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। जरसनी, दारानगर, इस्लामनगर समेत सभी फीडरों से बिजली कटौती का सिलसिला जारी है। दिन-रात उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान ही बिजली सही मिल पाती है, उसके बाद बिजली व्यवस्था चौपट हो जाती है। संवाद
अघोषित कटौती से एक लाख लोग बेहाल
आसफपुर। बिजली उपकेंद्र पर तैनात संविदा कर्मियों की लापरवाही से कस्बा सहित क्षेत्र से एक लाख लोगों में गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। 24 घंटों में मात्र 6-7 घंटे की बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं, धान किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। बिजली न मिलने से ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं। संवाद