सत्यापन व पुनर्मूल्यांकन के मुख्य बिंदु
- 16 से 20 मई तक ही सत्यापन का आवेदन कर सकते हैं।
- सत्यापन के लिए 500 रुपये शुल्क देना होगा।
- सत्यापन से असंतुष्ट विद्यार्थी 31 मई से एक जून तक उत्तरपुस्तिकाओं की फोटोकॉपी लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- उत्तरपुस्तिका लेने के लिए 700 रुपये का भुगतान करना होगा।
- विद्यार्थी उत्तरपुस्तिका के किसी भी उत्तर के पुनर्मूल्यांकन के लिए पांच से छह जून तक आवेदन कर सकते हैं।
- प्रति सवाल 100 रुपये का शुल्क देना होगा।
- विद्यार्थी को पूरी प्रक्रिया का पालन करना होगा व बीच में किसी एक भाग के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं।
- आवेदन करने की लिंक सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
विद्यार्थियों ने ये किए सवाल
सवाल : मैंने 2022-23 सत्र में 12वीं की परीक्षा दी। मुझे कुछ विषयों में अपने अंक अपनी तैयारी अनुकूल नहीं लग रहे हैं। रीचेकिंग की क्या प्रक्रिया है? -दिव्यांश कुमार
जवाब : सबसे पहले सत्यापन होगा, इसके लिए विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। समस्या रही तो विद्यार्थी उत्तरपुस्तिका की मांग कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी सवाल के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। सभी के लिए फीस निर्धारित है।
सवाल : मैं अपने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट हूं, इसलिए वेरिफिकेशन प्रक्रिया के लिए आवेदन किया है। अगर अंक बढ़ने की बजाए कम हो गए तो कौन सी मार्कशीट मान्य होगी? - रविंद्र
जवाब : प्रक्रिया में सत्यापन, फोटोकॉपी चेकिंग और पुनर्मूल्यांकन समेत तीन पड़ाव हैं। हर पड़ाव के बाद बोर्ड की ओर से नई मार्कशीट जारी होगी। चाहे अंक बढ़ें या कम हों नई मार्कशीट ही मान्य होगी।
सवाल : मुझे मेरी उत्तर पुस्तिका दोबारा देखनी है। इसके लिए क्या सीधे ही 31 मई को उत्तरपुस्तिका की फोटोकॉपी की मांग कर सकते हैं? -अंजलि राय
जवाब : नहीं, प्रक्रिया के तीनों पड़ाव जुड़े हुए ही हैं। उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी की मांग से पहले सत्यापन के लिए 16 से 20 मई के बीच आवेदन करना अनिवार्य है।