फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CBSE: रिजल्ट से असंतुष्ट विद्यार्थियों के पास अंक सुधार का मौका, क्या है प्रक्रिया; यहां जानें हर सवाल का जवाब

Fri, 19 May 2023 09:49 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

सीबीएसई 10वीं और 12वीं के परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थियों के पास अंक सुधार का मौका है। बृहस्पतिवार को अमर उजाला कार्यालय में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें उन्होंने पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
विज्ञापन
सीबीएसई व एनटीए सिटी कोऑर्डिनेटर वीके मिश्रा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

12 मई को सीबीएसई 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित होने के बाद से तमाम विद्यार्थी पूरक (सप्लीमेंट) परीक्षा, सत्यापन (वेरिफिकेशन), पुनर्मूल्यांकन और कॅरियर को लेकर असमंजस में हैं। कोई अपने कम अंकों को लेकर परेशान है तो किसी को अपनी उत्तरपुस्तिकाएं दोबारा जांचने की प्रक्रिया जाननी है। 

विज्ञापन


छात्र-छात्राओं की इन्हीं उलझनों को सुलझाने के लिए बरेली में बृहस्पतिवार को अमर उजाला कार्यालय में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें सीबीएसई व एनटीए सिटी कोऑर्डिनेटर वीके मिश्रा ने फोन कॉल्स और फेसबुक लाइव के जरिये छात्र-छात्राओं के सवालों के जवाब दिए।

कोऑर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि हर बार विद्यार्थी पुनर्मूल्यांकन व सत्यापन की प्रक्रिया ठीक से समझ नहीं पाते हैं और सुधार का मौका खो देते हैं। इस साल बोर्ड की ओर से नई शिक्षा नीति के तहत नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। विद्यार्थियों को पुरानी प्रक्रिया व नए नियमों की जानकारी होनी चाहिए। वहीं, 12वीं की पढ़ाई के बाद कॅरियर चुनने के लिए अपनी क्षमताओं और रुचि का आकलन भी जरूरी है।
विज्ञापन


सत्यापन व पुनर्मूल्यांकन के मुख्य बिंदु

- 16 से 20 मई तक ही सत्यापन का आवेदन कर सकते हैं।
- सत्यापन के लिए 500 रुपये शुल्क देना होगा।
- सत्यापन से असंतुष्ट विद्यार्थी 31 मई से एक जून तक उत्तरपुस्तिकाओं की फोटोकॉपी लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- उत्तरपुस्तिका लेने के लिए 700 रुपये का भुगतान करना होगा।
- विद्यार्थी उत्तरपुस्तिका के किसी भी उत्तर के पुनर्मूल्यांकन के लिए पांच से छह जून तक आवेदन कर सकते हैं।
- प्रति सवाल 100 रुपये का शुल्क देना होगा।
- विद्यार्थी को पूरी प्रक्रिया का पालन करना होगा व बीच में किसी एक भाग के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं।
- आवेदन करने की लिंक सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

विद्यार्थियों ने ये किए सवाल

सवाल : मैंने 2022-23 सत्र में 12वीं की परीक्षा दी। मुझे कुछ विषयों में अपने अंक अपनी तैयारी अनुकूल नहीं लग रहे हैं। रीचेकिंग की क्या प्रक्रिया है? -दिव्यांश कुमार
जवाब : सबसे पहले सत्यापन होगा, इसके लिए विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। समस्या रही तो विद्यार्थी उत्तरपुस्तिका की मांग कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी सवाल के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। सभी के लिए फीस निर्धारित है।

सवाल : मैं अपने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट हूं, इसलिए वेरिफिकेशन प्रक्रिया के लिए आवेदन किया है। अगर अंक बढ़ने की बजाए कम हो गए तो कौन सी मार्कशीट मान्य होगी? - रविंद्र
जवाब : प्रक्रिया में सत्यापन, फोटोकॉपी चेकिंग और पुनर्मूल्यांकन समेत तीन पड़ाव हैं। हर पड़ाव के बाद बोर्ड की ओर से नई मार्कशीट जारी होगी। चाहे अंक बढ़ें या कम हों नई मार्कशीट ही मान्य होगी।

सवाल : मुझे मेरी उत्तर पुस्तिका दोबारा देखनी है। इसके लिए क्या सीधे ही 31 मई को उत्तरपुस्तिका की फोटोकॉपी की मांग कर सकते हैं? -अंजलि राय
जवाब : नहीं, प्रक्रिया के तीनों पड़ाव जुड़े हुए ही हैं। उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी की मांग से पहले सत्यापन के लिए 16 से 20 मई के बीच आवेदन करना अनिवार्य है।

सवाल : परिणाम के बाद जो मार्कशीट मिली है, उसमें मुझे अंकों के आधार पर ग्रेड नहीं मिले हैं। मूल्यांकन में ग्रेडिंग किस प्रकार से की गई है? -वंश अग्रवाल
जवाब : ग्रेडिंग मेरिट के आधार पर की जाती है। अगर किसी विषय में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को आपसे ज्यादा अंक प्राप्त हुए हैं तो आपकी ग्रेडिंग नीचे होगी। वहीं, किसी विषय में आपने अच्छा किया है तो ग्रेडिंग ऊपर होगी।

सवाल : मेरे बेटे ने कक्षा 12वीं की परीक्षा दी थी। कुछ विषयों में संतोषजनक अंक नहीं मिले है। वह कितने विषयों में पूरक परीक्षा दे सकता है? -अखिलेश तिवारी/-पूजा
जवाब : बोर्ड की ओर से 10वीं में दो और 12वीं में एक विषय के लिए पूरक परीक्षा देने का नियम है। अगर एक से ज्यादा विषयों में अंक कम हैं तो अगले साल व्यक्तिगत परीक्षार्थी के तौर पर दोबारा से सभी विषयों की परीक्षा देनी होगी।

सवाल : मैंने 12वीं की परीक्षा दी थी। मैं, कुछ सवालों का पुनर्मूल्यांकन करवाना चाहता हूं। क्या करना होगा? -वैभव गंगवार
जवाब : प्रक्रिया का आखिरी पड़ाव पुनर्मूल्यांकन है। सत्यापन के बाद विद्यार्थी उत्तरपुस्तिका की फोटोकॉपी मांगता है। उसमें वह किसी भी सवाल का पुनर्मूल्यांकन करवा सकता है। हर सवाल के लिए 100 रुपये फीस देनी होगी।

सवाल : तीनों प्रक्रिया की अंतिम तिथि क्या है और इसमें कैसे आवेदन कर सकते हैं ? - अनिल कुमार
जवाब : पहले सत्यापन के लिए 16 से 20 मई तक आवेदन कर सकते हैं। फिर 31 मई से एक जून तक उत्तरपुस्तिका की मांग कर सकते हैं। पांच से छह जून तक पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। सभी आवेदन ऑनलाइन ही होंगे।

सवाल : सत्यापन के लिए आवेदन करना है। इसी लिंक कहां से मिलेगी? -ध्रुव राज
जवाब : सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर पूरी प्रक्रिया की जानकारी और आवेदन करने के लिए लिंक उपलब्ध की गई है। विद्यार्थी ऑनलाइन ही फीस जमा कर प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं।

सवाल : 12वीं का परीक्षा परिणाम उम्मीद के अनुसार नहीं रहा। अब स्नातक की पढ़ाई के लिए तैयारी कर रहा हूं। दोबारा पूरक परीक्षा की तैयारी करनी चाहिए या नहीं? -अनंत सिंह
जवाब : सुझाव रहेगा कि अगर अंक ज्यादा कम न हों तो भविष्य की तैयारियों पर फोकस किया जाए। 12वीं के अंक कुछ ही जगह पूछे जाते हैं। सीयूईटी की अच्छे से तैयारी करें और बेहतर भविष्य के लिए विचार करें।
विज्ञापन

सवाल : बेटे ने परीक्षा की तारीख पास आने पर कड़ी मेहनत की, लेकिन फिर भी अंक कम मिले, ऐसा क्या करें कि तैयारी और बेहतर हो सके? -भरत सिंह
जवाब : परीक्षा पूरे साल की मेहनत का परिणाम होता है। एक-दो दिन कड़ी मेहनत करने से अंक तो बढ़ते हैं, लेकिन परिणाम उम्मीद अनुसार नहीं होता। रोजाना निरंतर पढ़ाई करने से ही बेहतर परिणाम आ सकता है।

सवाल : विद्यार्थियों की तैयारी और परीक्षा के परिणाम में अभिभावकों की क्या भूमिका रहती है? -सत्येंद्र
जवाब: 10वीं और 12वीं में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन की जरूरत होती है। अभिभावकों को उनकी दिनचर्या पर ध्यान रखना चाहिए और जरूरी निर्णयों में बच्चों के साथ बातचीत जरूर करनी चाहिए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें