बरेली। रोडवेज बसों में अब चालकों-परिचालकों की मनमानी नहीं चलेगी। बिना टिकट के लगेज पकड़े जाने पर उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। लगातार तीन बार ऐसा होने पर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। बसों में बिना स्वामी के लगेज मिलने पर संबंधित चालक-परिचालक से दोगुना जुर्माना वसूला जाएगा। शुक्रवार को लखनऊ में हुई निदेशक मंडल की बैठक के बाद ये आदेश जारी किए गए हैं। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों ने इस पर कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
इसके अलावा आने वाले दिनों में यात्रियों को मार्गदर्शी एप पर रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन मिलेगी। यात्री प्ले स्टोर से इस एप को डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो की 400 बसों में व्हीकल ट्रैकिंग डिवाइस लगाई गई हैं। बसों में अब एंटी स्लीप अलर्ट सिस्टम लगाए जाने हैं। इस डिवाइस के लगने के बाद चालक को झपकी आने की दशा में अलार्म बजेगा।
दिल्ली में होगा संविदा चालकों का टेस्ट
रीजन में संविदा पर 450 चालकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। प्रथम ड्राइविंग टेस्ट के बाद संविदा पर रखे जाने वाले चालकों का द्वितीय ड्राइविंग टेस्ट इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड रिसर्च दिल्ली में कराया जाएगा। इसमें पास होने के बाद ही उनको नियुक्ति दी जाएगी। रोडवेज बसों से होने वाली दुर्घटनाओं की दैनिक रिपोर्ट भी परिक्षेत्र स्तर से मुख्यालय को भेजनी होगी।
-
जल्द ही यात्रियों को मार्गदर्शी एप के जरिये बसों की लाइव लोकेशन मिल सकेगी। निदेशक मंडल ने कई अहम फैसले लिए हैं। इनको सख्ती के साथ लागू किया जा रहा है। - धनजी राम, सेवा प्रबंधक