भमोरा। साले की शादी में पत्नी से झगड़ा होने के बाद घर लौटे युवक ने कीटनाशक दवा पी ली। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव कटका भारत निवासी राजू (32) सोमवार को साले की शादी में शामिल होने बदायूं थाना क्षेत्र के गांव रेवा गए थे। परिजनों के मुताबिक, शादी में किसी बात पर पत्नी रचना से राजू का झगड़ा हो गया। राजू मंगलवार शाम घर अकेले लौट आए। उन्होंने घर में रखी फसल में लगाई जाने वाली कीटनाशक दवा बुधवार सुबह पी ली। तबीयत बिगड़ने पर राजू को भाई मोरपाल और अजय बरेली के निजी अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। परिजन पुलिस को बिना सूचना दिए राजू का अंतिम संस्कार कर दिया। मोरपाल ने बताया कि राजू तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। राजू की पत्नी रचना के अलावा उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।