लोगों को हाउस टैक्स में राहत देने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को नगर निगम के सभी टैक्स कलेक्टर बोर्ड बैठक में जारी निर्देशों के अनुसार नई किराया दरें तय करने में लगे रहे। यह दरें वर्ष 2007-09 के दौरान लागू दरों से दस प्रतिशत अधिक होंगी। निकाय चुनाव में भाजपा ने टैक्स की दरें कम करने की घोषणा की थी। इसके जब भाजपा के उमेश गौतम मेयर बने तो 28 मार्च को हुई बोर्ड की बैठक में टैक्स की दरें कम करने का प्रस्ताव लाया गया और 2007-09 के दौरान की किराया दरों को ही दस प्रतिशत बढ़ाकर लागू करने का प्रस्ताव पास हो गया। अब बोर्ड का कार्यवृत्त जारी होने के बाद बृहस्पतिवार को इस पर काम शुरू हो गया है। चार जोन में बंटे नगर निगम के सभी टैक्स कलेक्टर को अपने-अपने क्षेत्र की किराया दरों की सूची बनाने के निर्देश दिए गए हैं। टैक्स अनुभाग के लोगों ने बताया कि सप्ताह भर में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार इन्हें लागू करने की कार्रवाई की जाएगी।