बरेली। गृहकर बिलों की गड़बड़ियों के निस्तारण के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से वार्डवार शिविर लगाए जा रहे हैं। इस क्रम में बुधवार को खलीलपुर में शिविर का आयोजन किया गया। इसमें सिर्फ 20 लोगों ने ही आपत्ति दर्ज कराई है।
वार्ड 22 खलीलपुर सीबीगंज स्थित अमाया होटल में शिविर का शुभारंभ नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रदीप कुमार ने किया। पहले दिन शिविर में 20 शिकायतें आईं। चार लोगों ने अपने बिल संशोधित कराकर गृहकर जमा किया। 13 आपत्तियां नो मैच (जिनकी आईडी सॉफ्टवेयर में नहीं दिख रहीं) की रहीं। तीन गलत बिल और फोटो से संबंधित रहीं। पांच मामलों में एरियर गलत दिखाकर बिल अधिक आया है। स्वयंकर निर्धारण प्रक्रिया के तहत उनका बिल जमा कराया गया है।
यहां भी हुआ समस्या का समाधान
सेंट्रल यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से भी गृहकर बिलों में सुधार के लिए शिविर का आयोजन किया गया। अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन सीबीगंज थाने के सामने होटल कंफर्ट इन में हुआ। नगर आयुक्त व मुख्य कर निर्धारण अधिकारी की मौजूदगी में बिलों में सुधार कर रकम को तुरंत नगर निगम के कोष में जमा करवाया गया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष सुधांशु अग्रवाल, योगीश गुप्ता, पार्षद रचित गुप्ता, घीसू खान, दिनेश सिंह और विपिन कुमार मौजूद रहे।
शिविर का इंतजार न करें
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने कहा कि जनता की सहूलियत के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन इसका इंतजार न करे। जोनल कार्यालयों, मुख्यालय में जब भी समय मिले, अपनी आपत्ति दर्ज कराकर बिलों को ठीक करवा लें। इसके अलावा फील्ड पर भी उनकी टीम लगी हुई है। राजस्व निरीक्षकों के नंबर वेबसाइट पर मौजूद हैं। उपभोक्ता सीधे कॉल करके उन्हें सूचना दें। टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।