सिरौली। कस्बे में ऑपरेशन में लापरवाही बरतने और समय पूर्व जन्म से नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को अस्पताल सील कर दिया। अलीगंज रोड स्थित साईं हेल्थ केयर सेंटर में पलथा गांव के लोकेश कुमार की पत्नी को भर्ती कराया था। परिजन ने आरोप लगाया कि चिकित्सक ने बिना अनुमति लिए गर्भवती का ऑपरेशन कर दिया, जिसमें लापरवाही बरती गई। समय से पहले जन्म के कारण गंभीर हालत में नवजात को शाहबाद रेफर कर दिया गया। वहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने हंगामा भी किया था। एसडीएम आंवला के आदेश पर नायब तहसीलदार और पुलिस ने अस्पताल जाकर जांच की। सोमवार को उप मुख्य चिकित्साधिकारी लईक अहमद और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी सुशील कुमार ने टीम के साथ जाकर अस्पताल सील कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी चिकित्सक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।