बरेली। सदर हवालात से सरिया काटकर फरार हुआ हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव आखिरकार कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आ ही गया। वह मास्क और बहरूपियों वाले लंबे बाल लगाकर घर आया था। मुखबिरी से उसकी पहचान कर ली गई। उसे नई रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया है। उसके पास से एक तमंचा भी बरामद किया गया। इसकी भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाल डीके शर्मा के मुताबिक अंकित की फरारी के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। वह उत्तराखंड फरार हो गया था। कभीकभार छुपकर बरेली आता था। सूचना मिली कि वह सोमवार को होली मनाने अपने घर आया था। तब उसने टोपी, मास्क, बड़ा चश्मा और बड़े बाल लगा रखे थे। इसी वेशभूषा में वह अपने खास लोगों से मिलने बाहर निकला तो मुखबिर ने उन्हें सूचना दे दी। पुलिस ने अंकित को पकड़ लिया। मास्क और बाल हटाए तो अंकित की पहचान कर ली गई। अंकित कुछ दिन पहले ही सदर हवालात से अपने साथी सचिन सैनी के साथ सरिया काटकर फरार हो गया था। दोनों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बिहारीपुर निवासी अंकित पर हत्या, लूट, अपहरण के 58 मुकदमे दर्ज हैं। कुछ दिन पहले सचिन सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब होली के मौके पर अंकित यादव की गिरफ्तारी से पुलिस को सुकून मिला है।
-
पंद्रह मिनट चली गुत्थमगुत्था, पैर टूटा
अंकित यादव को पकड़ने में पुलिस का पसीना छूट गया। सादा कपड़ों में पहुंचे पुलिसवालों ने जब अंकित को पकड़ा तो वह भागने लगा। पुलिसवालों ने उसे घेरकर पकड़ लिया तो गुत्थमगुत्था हुई। दरोगा कैलाश ने उसे कसकर पकड़ लिया तो उन्हें भी कई लात-घूंसे लगे। मुश्किल से वह पकड़ में आ सका। इस दौरान उसके बांए पैर के टखने के पास फ्रेक्चर हो गया। पुलिस के मुताबिक भागने के दौरान अंकित गिरता-पड़ता रहा तो फ्रेक्चर हो गया। मंगलवार को उसके पैर पर प्लास्टर के बाद उसे जेल भेज दिया गया। वहीं चर्चा है कि पुलिस की पिटाई से अंकित का पैर टूटा है। कोतवाल डीके शर्मा ने उस पर नई रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है।