मीरगंज। गांव हल्दी खुर्द में कैंसर के बढ़ते मामलों की खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को गांव का सर्वे किया। कैंसर पीड़ित लोगों के परिजनों से बातचीत की गई। अमर उजाला ने हल्दी खुर्द में दूषित पानी पीने के कारण लोगों में बीमारियों का बढ़ने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वैभव राठौर ने बताया कि फिलहाल कैंसर फैलने का कारण नहीं पता है। इसके लिए विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा, कैंसर के लक्षण महसूस होने पर सीएचसी मीरगंज में जांच कराएं। गांव में कैंसर से शाहिद अली, चुन्ना, मकसूद, सुधीर सिंह आदि की मौत हो चुकी है। वहीं, नादिर हुसैन, वाहिद अली, जमीला बेगम आदि कैंसर पीड़ित हैं। कैंसर फैलने से ग्रामीण दहशत में हैं।