बरेली। सिपाही संदीप कुमार कुशवाहा ने शुक्रवार को परिवार के साथ सीएमओ कार्यालय पहुंचकर पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल की शिकायत की। कहा, इलाज में लापरवाही बरतने से उसके साले अनिल मौर्या की अस्पताल में मौत हो गई। जनपद उधमसिंह नगर के गांव कीरतपुर निवासी संदीप ने सीएमओ से कहा कि 28 दिसंबर को उसके साले अनिल मौर्य सड़क हादसे में घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची एक प्राइवेट अस्पताल की एंबुलेंस उन्हें लेकर आई। अस्पताल में पट्टी करने के बाद परिजनों को सूचना दी गई और पैसा जमा करा लिया गया। इसके बाद हालत गंभीर बताकर अनिल को रेफर कर दिया गया। इसी बीच अनिल की मौत हो गई। संदीप का कहना था कि अस्पताल में अनिल का इलाज करने के बजाय परिजन से पैसा जमा कराने में वक्त जाया किया गया।