बरेली। समायोजन की मांग को लेकर आउटसोर्सिंग कर्मियों ने मंगलवार को जिला अस्पताल के गेट पर नारेबाजी करते हुए बेरोजगारी का पुतला फूंका।
संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विनीत सक्सेना के नेतृत्व में आउटसोर्सिंग कर्मी जिला अस्पताल के गेट पर जमा हुए। उन्होंने पहले नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में बेरोजगारी का पुतला फूंक कर समायोजित करने की मांग की। पुतला फूंकने के बाद कर्मी धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष सक्सेना ने कहा कि शासन ने यदि उनकी मांग नहीं मानी तो वह हाईकोर्ट जाने को विवश होंगे। मंगलवार को रोडवेज श्रमिक समाज कल्याण संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कुमार ने धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मियाें को समर्थन दिया। इस मौके पर जिला महामंत्री रितेश कश्यप, जिला उपाध्यक्ष फरमान अली तुर्की समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे। ब्यूरो