बरेली। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के एक वर्ष पूरा होने पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अस्पतालों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। जिला महिला अस्पताल में हुए कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर विधायक डॉॅ. अरुण कुमार ने किया। डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना तथा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना भारत सरकार की एक स्वास्थ्य योजना है। इसे 23 सितंबर 2018 से देश में लागू किया गया। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पांच लाख रुपये तक का इलाज उत्तम स्वास्थ्य मुहैया कराना है। डिजिटल स्क्र्रीन पर आयुष्मान योजना की उपलब्धियों को दिखाया गया। डॉ. अरुण कुमार एवं एडी हेल्थ डॉ. आरके दुबे ने साईं अस्पताल, श्रीराममूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, श्रीनाथ मेडिसिटी अस्पताल को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो दिया। जिला क्रियान्वयन इकाई के डॉ. अनुराग अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर अमीर बेग, डिस्ट्रिक्ट ग्रीवांस मैनेजर अशोक कुमार को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला, नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, सीएमएस डॉ. टीएस आर्या, महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अलका शर्मा आदि उपस्थित रहीं।