बरेली। एक ही रेडिएंट वार्मर पर दो बच्चों को भर्ती करने के मामले पर फजीहत होने के बाद अब सीएमओ ने महिला अस्पताल को दो रेडिएंट वॉर्मर दिए हैं। नए वॉर्मर मिलने के बाद भी महिला अस्पताल की सीएमएस ने एक वॉर्मर पर दो बच्चों को जरूरत पड़ने पर रखने की संभावना जताई है। लेकिन अब तभी दो बच्चों को रखा जाएगा जब उनके माता पिता संस्तुति प्रदान करेंगे। जिला महिला अस्पताल में पिछले दिनों एडीएम सिटी और सीएमओ ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया था। 7 वॉर्मर में 16 बच्चे भर्ती मिलने पर नाराजगी जताई थी लेकिन सीएमएस डॉ. अलका ने संख्या कम होने और जरूरत पर बच्चाें को वॉर्मर पर रखने की बात कबूल की थी। एडीएम सिटी की संस्तुति पर सीएमओ ने दो वॉर्मर दिए हैं। साथ ही, एक वॉर्मर पर दो बच्चों को रखने से पहले दूसरे बच्चे के माता-पिता से लिखित संस्तुति मिलने के बाद ही भर्ती करने के निर्देश दिए हैं।